जिले में कछुए की चाल से हो रही सैंपलिंग कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ा सकती है। हालत इसी से समझी जा सकती है कि तीन मई के बाद से 12,810 लोग घर लौटे हैं और अब तक केवल 45 सैंपल जांच को भेजे गए हैं। इनमें से एक पॉजिटिव निकला है।
बाहर से आने वाले लोगों को प्रशासन क्वारंटीन कर रहा है, लेकिन उनकी सैंपलिंग नहीं की जा रही। प्रशासन दावा कर रहा है कि बाहर से आने वाले सभी को संस्थागत क्वारंटीन किया जा रहा है, जबकि जिस व्यक्ति में कोरोना मिला है वो गांव में ही क्वारंटीन था। वह परिवार के साथ दिल्ली से वाहन बुक कराकर आया था और सीधे गांव पहुंच गया था। ग्राम प्रधान ने बगैर किसी लक्षण के उसका टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बाजार की भीड़ बढ़ा सकती है परेशानी
जिले में कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद से हर कोई चिंतित है। गोपेश्वर सहित अन्य बाजारों में लगने वाली भीड़ मुश्किल बढ़ा सकती है। लोग शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं कर रहे।