ज्योतिर्मठ। नगर क्षेत्र में संकरे हाईवे पर दो ट्रकों को खड़ा कर चालक आराम फरमा रहे थे। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक का चालान तो दूसरे को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार शाम को ज्योति विद्यालय के सामने दिल सिंह निवासी लालतप्पड़ डोईवाला व रुद्रप्रयाग के पीपली गांव निवासी राजेंद्र सिंह अपने-अपने ट्रक खड़े कर आराम करने लगे। इससे हेलंग की तरफ करीब आधा किमी जबकि बदरीनाथ की तरफ एक किमी लंबा जाम लग गया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह रावत ने मौके पहुंचे। चालक राजेंद्र सिंह ने गलती मानते हुए ट्रक हटा दिया, जिस पर पुलिस ने उसे 500 का चालान कर छोड़ दिया। जबकि दिल सिंह ने ट्रक हटाने से मना किया और पुलिस से उलझने लगा। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर चालक को थप्पड़ मारने के आरोप लगाए जा रहे हैं जो पूरी तरह से निराधार हैं, यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई है।