हल्दापानी के पास एक ट्रक हो गया था खराब, दो-दो किमी तक लगा रहा जाम
स्कूली बच्चे, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी भी फंसे रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। हल्दापानी के पास चमोली-गोपेश्वर सड़क पर सुबह सात बजे एक ट्रक खराब होने से करीब साढ़े तीन घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर करीब दो-दो किमी तक लंबा जाम लगा रहा। जाम में स्कूली बच्चों के वाहनों के साथ ही कार्यालय जाने वाले कर्मचारी भी फंसे रहे। कई अभिभावक तो मौके पर पहुंचे और बच्चों को वहीं से लेकर घर लौट गए।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे गोपेश्वर-चमोली सड़क पर हल्दापानी में आकाशवाणी कार्यालय के समीप बीच सड़क पर एक मालवाहक ट्रक खराब हो गया। यहां पर सड़क संकरी होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बसें, ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों सहित अन्य लोग जाम में फंसे रहे। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब दो-दो किमी लंबा जाम लग गया। जाम लगने की सूचना पर कई अभिभावक मौके पर पहुंचे और जाम खुलता न देख बच्चों को लेकर घर चले गए। पुलिस ने किसी तरह ट्रक को सड़क किनारे करवाया और सुबह करीब साढ़े दस बजे जाम खुल पाया। जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और गंतव्य के लिए रवाना हुए। वहीं गोपेश्वर थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रौतेला ने बताया कि जहां पर ट्रक फंसा वहां सड़क काफी संकरी है जिससे वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। किसी तरह से ट्रक को किनारे करवाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई गई।
सड़क किनारे चल रहीं वर्कशॉप
- गोपेश्वर के सुभाषनगर से लेकर हल्दापानी तक सड़क किनारे कई मोटर वर्कशॉप संचालित हो रहे हैं। अधिकांश वर्कशॉप वाले सड़क पर ही वाहनों को ठीक करते हैं। पहले से संकरी सड़क के किनारे वर्कशॉप का काम होने से अक्सर इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
लंबे समय से उठ रही सड़क चौड़ीकरण की मांग
- जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली चमोली-गोपेश्वर सड़क सिंगल लेन होने से यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। यात्रा के समय केदारनाथ से बदरीनाथ जाने वाले अधिकांश यात्री वाहन भी इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। लंबे समय से स्थानीय लोग सड़क की चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक इसपर कोई काम नहीं हो पाया है। सड़क बंद होने पर कोई वैकल्पिक मार्ग भी यहां नहीं है।