कहा, पेशावर कांड के नायक की याद में लगने वाला मेला चार साल से नहीं हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। गैरसैंण नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में भराड़ीसैंण से कोदियाबगड़ दूधतोली स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि स्थल तक पैदल मार्च निकाला गया। साथ ही कोदियाबगड़ में स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि पर फूल मालाएं चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने बताया कि पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि स्थल कोदियाबगड़ दूधातोली में होने वाले मेले की ओर सरकार का ध्यान खींचना है। कहा कि गढ़वाली महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनकी याद में समाधि स्थल के पास हर वर्ष मेला होता है लेकिन बीते चार वर्षों से यह मेला नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में कोदियाबगड़ में स्थित वीरचंद्र सिंह गढ़वाली का समाधि स्थल भी जीर्णशीर्ण अवस्था में है जिसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता है। मोहन भंडारी ने सरकार से समाधि स्थल का रखरखाव करने और यहां मेला आयोजित करने की मांग की। इस मौके पर बड़ी संख्या में पौड़ी और गैरसैंण क्षेत्र से आए स्थानीय लोगों ने पारंपरिक झुमेलो की भी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर वार्ड सभासद दयाल सिंह, उमा ढौंढि़याल, हरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह आदि मौजूद रहे।