गोपेश्वर। नगर निकाय चुनाव को लेकर पीठासीन व मतदान अधिकारियों को दूसरा प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों ने मतपेटी खोलने और सील करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही मतदान कर्मियों के दायित्वों व कर्तव्यों व निर्वाचन सामग्री के बारे में भी जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने सभी से निर्वाचन के तहत सौंपे दायित्वों व कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। कहा कि मतदान सामग्री के उपयोग संबंधी पूरी जानकारी रखने और सभी तरह की शंकाओं का प्रशिक्षण के दौरान समाधान करने को कहा। कहा कि मतदान कक्षों में मोबाइल व कैमरे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। कहा कि पोलिंग स्टेशन के लिए निर्धारित रूट प्लान के अनुसार ही मूवमेंट करें। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी आनंद सिंह ने प्रशिक्षण में सभी शंकाओं को दूर करने सहित अन्य हिदायतें दी।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर एपी डिमरी, मनोज तिवारी, केसी पंत, दिगपाल रावत, खीम सिंह कंडारी ने मतदान सामग्री, मतपेटिका, पीठासीन अधिकारी की डायरी, निर्वाचन संबंधी दायित्वों के बारे में बताया। साथ ही टेंडर वोट, चैलेंज वोट, मतदान की गोपनीयता, मतपत्र के लिफाफे सील करने आदि के बारे में भी बताया। इस दौरान सभी एआरओ, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारी मौजूद रहे।