21 मई से शुरू होने वाले जुम्मा-द्रोणागिरी ट्रैकिंग को लेकर ट्रैकिंग के नोडल अधिकारी अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को 10 मई तक ट्रैकिंग रूट पर यात्री सुविधाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
चमोली जिले के जुम्मा-द्रोणागिरी ट्रैक को राज्य सरकार की ओर से ट्रैक ऑफ द ईयर के लिए चयनित किया गया है। आगामी 21 मई से ट्रैकिंग कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में नोडल अधिकारी हरक सिंह ने ट्रैकिंग रूट के रख-रखाव को लेकर अधिकारियों को विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। पर्यटन विभाग और बैंक अधिकारियों को ग्रामीणों को होम स्टे और वीर चंद्र सिंह गढवाली योजना के तहत ऋण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।
जल संस्थान, पेयजल निगम, ऊर्जा निगम, लोनिवि और विकास विभाग के अधिकारियों को ट्रैकिंग रूट पर पैदल रास्तों, शौचालयों, पेयजल और बिजली व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। साथ ही लोनिवि को क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण और स्वास्थ्य विभाग को स्थानीय युवाओं को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। डीएम विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों को कार्ययोजना के तहत तय समय सीमा पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।