ज्योतिर्मठ। बर्फबारी होने के बाद बुधवार को औली में क्रिसमस मनाने और नए साल के जश्न के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने लग गई है। जश्न के लिए दो जनवरी तक यहां के लगभग सभी होटल व रिजॉर्ट फुल हो गए हैं। 600 से अधिक पर्यटकों ने चेयर लिफ्ट से औली के नजारे देखे।
सोमवार देर रात को औली में अच्छी बर्फबारी हुई है जिसके बाद से पर्यटक औली पहुंचने लगे हैं। बुधवार सुबह चटख धूप खिलने पर कुछ पर्यटक बर्फ में स्कीइंग करते रहे तो कुछ बर्फ के गोले बनाकर एक दूसरे पर फेंकते हुए मौज मस्ती करते रहे। जीएमवीएन के चेयर लिफ्ट प्रभारी दीपक डिमरी ने बताया कि सुबह से पर्यटक चेयर लिफ्ट से औली को देखने के लिए लाइन में लगे रहे। बुधवार को 600 से अधिक पर्यटकों ने चेयर लिफ्ट से औली के नजारे देखे।
वहीं जीएमवीएन के रिजाॅर्ट के साथ ही हट भी फुल हो गए हैं। जीएमवीएन औली के प्रबंधक प्रदीप शाह ने बताया कि औली में दो जनवरी तक होटल की बुकिंग फुल हो गई है।