भू-धंसाव से एक माह तक जोशीमठ और औली में पर्यटन गतिविधि पूरी तरह से ठप पड़ी रहीं लेकिन अब पर्यटन व्यवसाय धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। बर्फबारी होने के बाद औली में पहुंचे पर्यटकों से पर्यटन व्यवसायियों को आगे भी पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
औली रोपवे के समीप स्थित रेस्टोरेंट के मालिक अभिषेक भुजवाण का कहना है कि अब भू-धंसाव में कमी आई है। औली में बर्फबारी होने से पर्यटक पहुंचने लगे हैं, उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि औली रोपवे का परीक्षण कर इसे चालू करवा देना चाहिए जिससे पर्यटक रोपवे का लुत्फ उठा सकें।
होटल मालिक कैलाश चंद्र का कहना है कि एक माह से पर्यटक नहीं दिखे लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो पर्यटकों के अच्छी संख्या में आने की उम्मीद है। अब चारधाम यात्रा की तैयारी भी शुरू हो जाएगी। पर्यटन व्यवसायी विवेक रावत का कहना है कि दिसंबर से फरवरी माह तक पर्यटन सीजन रहता है। इस बार आपदा के कारण सीजन बुरी तरह से प्रभावित रहा। अब औली में बर्फबारी होने से पर्यटक पहुंचने लगे हैं। औली रोपवे का संचालन भी शुरु होता है तो पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो जाएगी।