विधानसभा उपाध्यक्ष और विधायक अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने पिंडर नदी पर निर्माणाधीन पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को हर हाल में पुल निर्माण को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बदरीनाथ हाईवे को नैनीताल हाईवे से जोड़ने के लिए पिंडर नदी पर आठ करोड़ की लागत से मोटर सेतु का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन वर्ष 2011 में स्वीकृत पुल पर वर्ष 2013 में निर्माण कार्य शुरू हुआ जिसे वर्ष 2014 में पूरा किया जाना था लेकिन विभाग और कांट्रेक्टर की लापरवाही के चलते अभी तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। व्यापारियों के लगातार आंदोलन के बाद बृहस्पतिवार को डॉ. मैखुरी ने निर्माणस्थल पर पहुंचकर पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। साथ ही लोनिवि के ईई जेपी रतूड़ी सहित अन्य अधिकारियों को पुल का निर्माण तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरि सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष गबर सिंह नेगी, नगर अध्यक्ष हरीश सती, जिला निर्माण समिति के राजा चौहान, विनोद डिमरी आदि थे।