कोरोना संक्रमण काल में सामाजिक दूरी को दरकिनार कर वाहनों में भरकर सवारियां बिठाई जा रही हैं। साथ ही वाहन चालकों की ओर से सवारियों से तीन गुना अधिक किराया वसूला जा रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर चमोली से जोशीमठ नगर की दूरी 51 किलोमीटर है। इस रूट के लिए नब्बे रुपये किराया छोटे वाहनों में निर्धारित था, लेकिन कोरोना काल में अब किराया बढ़कर 300 रुपये हो गया है। बदरीनाथ धाम चमोली बाजार से करीब 96 किमी दूर है और यहां का किराया छह से सात सौ रुपये लिया जा रहा है। चमोली से पीपलकोटी का किराया भी 40 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। जोशीमठ के हयात सिंह, मनवर और सुनील ने कहा कि छोटे वाहन चालक किराया तीन गुना अधिक ले रहे हैं और सवारियों को वाहनों में भरकर ले जा रहे हैं। इधर, एआरटीओ एल्विन रॉक्सी का कहना है कि यदि कोई वाहन चालक अधिक किराया वसूल रहे हैं तो औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी। लिखित शिकायत मिलने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो