तहसील के दूरस्थ गांव बमौटिया में वज्रपात होने से एक डेढ़ वर्षीय बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। साथ ही एक मवेशी की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार शाम को क्षेत्र में तेज बारिश हुई। इस दौरान हुए वज्रपात से बमौटिया गांव के पुष्कर राम का मकान (गोशाला समेत) क्षतिग्रस्त हो गया।
मकान के क्षतिग्रस्त होने और वज्रपात की चपेट में आने से पुष्कर राम की डेढ़ वर्षीय बेटी देवकी, पत्नी लीला देवी (23) और मां कुंती देवी (45) घायल हो गए। वहीं गोशाला में बंधी एक दुधारू भैंस की मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर शनिवार सुबह राजस्व पुलिस थराली और राजस्व देवाल से टीमें मौके पर पहुंची। राजस्व उपनिरीक्षक नीरज पुरोहित ने बताया कि घायलों को 108 सेवा से सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।