नारायणबगड़ विकासखंड के उतरीकड़ाकोट के 13 से अधिक गांवों को जोड़ने के लिए स्वीकृत छह किमी सड़क तीन साल में भी नहीं बन पाई है। आधी अधूरी बनी सड़क को पूरा करने के लिए विभाग के धनराशि का इंतजार है।
उतरीकड़ाकोट के भटियाणा से ग्वाड़, कोट, कोठली, केदारकोट, कोथरा, भुलक्वाणी, पलसारी, बैथरा, सुनभि सहित आस पास के गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए सुनाली-दशोलीखाल मोटर मार्ग का भटियाणा से आगे सुनभि तक छह किमी मोटर मार्ग की स्वीकृति मिली थी।
लोनिवि ने तीन साल पहले निर्माण कार्य शुरू किया। पहले चरण में दो करोड़ खर्च होने के बावजूद सड़क पैदल चलने लायक भी नहीं बनी है। सुनभि के प्रधान राजेंद्र सिंह, कोथरा के राकेश, कोठली के प्रकाश हटवाल, चिरखून की सुनीता देवी और हरीश जोशी ने बताया कि सड़क बनने से 13 से अधिक गांवों की सात हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होती, लेकिन भटियाणा से आगे सड़क निर्माण कार्य आधा-अधूरा पड़ा है।
जिससे ग्रामीण तीन से आठ किमी पैदल दूरी नापने को विवश हैं। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की मांग विभाग और शासन प्रशासन से की है। इधर लोक निर्माण विभाग थराली के सहायक अभियंता विनय झिंक्वाण ने बताया कि भटियाणा से सुनभि तक पहले चरण का काम पूरा हो गया है। दूसरे चरण के लिए चार करोड़ का इस्टीमेट डेढ़ साल पहले स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद ही सड़क का काम पूरा हो पाएगा।