चमोली जिले में बोर्ड कापियों के मूल्यांकन कार्य के लिए हाईस्कूल में 71 शिक्षकों में से 17 और इंटरमीडिएट में 135 में से 25 शिक्षक अनुपस्थित चल रहे हैं। जिले में राजकीय इंटर कालेज गोपेश्वर और कर्णप्रयाग के मूल्यांकन केंद्रों में मूल्यांकन कार्य चल रहा है, लेकिन शिक्षकों की अनुपस्थिति से मूल्यांकन कार्य प्रभावित हो रहा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी हरीश चंद्र सिंह रावत का कहना है कि मूल्यांकन ड्यूटी में नहीं पहुंचने वाले शिक्षकों को दो बार सूचित किया जा चुका लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए हैं। अब शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।
संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की ओर से मूल्यांकन कार्य को गंभीरता से न लेने पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कई शिक्षकों की ओर से मूल्यांकन ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने पर मेडिकल प्रस्तुत किया गया है, इसकी जांच की जाएगी।