नो पार्किंग में खड़े हो रहे वाहन, लापरवाह बना पुलिस प्रशासन
होमगार्ड और पीआरडी जवानों को सौंपा ट्रेफिक का जिम्मा, नजर नहीं आते पुलिस के जवान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नगर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। नगर के पुराने पेट्रोल पंप से लेकर हल्दापानी तक हर दिन वाहनों का जाम लगने से लोग परेशान हो रहे हैं। मंगलवार को भी नगर के मुख्य तिराहे से लेकर जिला पंचायत रोड तक आधा घंटे तक जाम लगा रहा। नो पार्किंग में वाहन खड़े होने से जाम लग रहा है।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए होमगार्ड और पीआरडी के जवान लगाए गए हैं जबकि पुलिस के जवान कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन नगर के ट्रैफिक को लेकर लापरवाह बना है। जिला पंचायत कार्यालय के ठीक पीछे और पुलिस लाइन गेट के समीप नो पार्किंग में बिना रोकटोक के वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इसके अलावा नैग्वाड़, सुभाष नगर, हल्दापानी और पटियालधार में भी बार-बार वाहनों का जाम लग रहा है। होटलों के बाहर भी लोग अपने चौपहिया वाहनों को खड़ा कर रहे हैं इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। मंगलवार को मुख्य बाजार से पोस्ट आफिस तक करीब आधा घंटे तक वाहनों का जाम लगा रहा। वहीं मंदिर मार्ग पर भी बार-बार वाहनों का जाम लगने से लोग परेशानी झेल रहे हैं। इधर पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर थाना पुलिस को निर्देशित किया जाएगा। नगर में नो पार्किंग में खड़े वाहनों को चिह्नित कर वहां साइन बोर्ड स्थापित किए जाएंगे।