हेलंग में महिलाओं से घास छीनने के मामले में पीड़ित महिलाओं और भाकपा माले ने मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।
मंगलवार को पीड़ित महिलाएं और भाकपा माले के सदस्य अतुल सती तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि कंपनी की ओर से जिस क्षत्र में मैदान बनाने की बात कही जा रही है वहां उनका एकमात्र चारागाह है। यहां पर लोगों ने पौधरोपण भी किया है जिससे क्षेत्र हराभरा बना हुआ था। यह ढालदार जमीन है और यहां पर मलबा डाला जा रहा है जो सीधे अलकनंदा नदी में चला जाएगा। उनका कहना है कि आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील चमोली जिले में पर्यावरण मानकों की अनदेखी करते हुए नदी के ऊपर मलबा डालना भविष्य में खतरनाक हो सकता है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही परियोजना बनाने वाली कंपनी के कार्यों की भी जांच की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मंदोदरी देवी, लीता देवी, शांति देवी, विपिन भंडारी, राहुल भंडारी और अतुल सती शामिल रहे।
जांच करने गई टीम ने महिलाओं से नहीं की बात
- हेलंग की पीड़ित महिलाओं का कहना है कि सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से घटना की जांच के लिए एक टीम गांव आई थी। टीम ने गांव के प्रधान, सरपंच व अन्य लोगों से बात की लेकिन उनके साथ कोई बात नहीं की। गांव के अन्य लोगों से बात करके टीम लौट गई। उनका कहना है कि आखिर जिनके साथ घटना हुई थी उनसे बात किए बिना टीम ने कैसी जांच की। इससे प्रशासन की जांच पर संदेह उत्पन्न हो रहा है।
हेलंग मामले के विरोध में कर्णप्रयाग में प्रदर्शन
कर्णप्रयाग। जोशीमठ के हेलंग में महिलाओं से घास छीनने की घटना से नाराज विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने कर्णप्रयाग में प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने मुख्य बाजार में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। कहा कि राज्य में जल विद्युत परियोजनाओं के नाम पर भूमि पहले ही दे दी गई है। इसके बाद भी कंपनियों की नीयत लोगों की सामूहिक हकहकूक की भूमि को भी हड़पने की है। इससे आम लोगों के सामने घास, चारा व लकड़ी का संकट पैदा हो गया है। डंपिंग के नाम पर पर्यावरण के मानकों की अनदेखी की जा रही है। गुस्साए लोगों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर महिलाओं से घास छीनने वालों पर कार्रवाई की मांग उठाई। इस मौके पर भाकपा (माले) के इंद्रेश मैखुरी, बीरेंद्र मिंगवाल, सुरेशी देवी, राजेंद्र नेगी, अरविंद चौहान, किशन बिष्ट, धनसिंह बिष्ट, आशाराम मैखुरी, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद थे। संवाद