एएनएम सेंटर नहीं, टीका लगाने के लिए 20 किमी की लगानी पड़ रही दौड़
- आदिबदरी के सिलपाटा क्षेत्र के 6 गांवों की परेशानी
- विधायक और स्वास्थ्य मंत्री से लगाई एएनएम सेंटर की स्वीकृति की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
आदिबदरी। तहसील के सिलपाटा क्षेत्र के अंतर्गत छह गांवों में एएनएम सेंटर की सुविधा नहीं है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण के लिए 20 किमी दूर आदिबदरी आना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग के बावजूद एएनएम सेंटर की स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
तहसील के सिलपाटा क्षेत्र के तहत प्यूंरा, पज्याणा, लंगटाई, सिलपाटा, छिमटा, डोल्टू गांवों की आबादी लगभग पांच हजार है। वर्तमान में क्षेत्र में 26 से अधिक नवजात और 14 से अधिक गर्भवती महिलाएं हैं। क्षेत्र बड़ा होने के कारण आदिबदरी की एएनएम को भी दूर के गांवों में जाने में समय लगता है। सिलपाटा में एएनएम सेंटर खुलने से आदिबदरी क्षेत्र के गांवों की महिलाओं को यहां पर नियुक्त एएनएम पूरा समय दे पाएगी। छिमटा के ग्राम प्रधान नारायण सिंह नेगी, सिलपाटा की ग्राम प्रधान रेखा देवी, क्षेपंस मुन्नी देवी, सामाजिक कार्यकर्ता भजन सिंह नेगी ने कहा कि कई बार गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को वाहनों के माध्यम से टीकाकरण के लिए ले जाने में काफी दिक्कत होती है। यदि नजदीक में ही एएनएम सेंटर खुल जाता। तो ग्रामीणों को थोड़ी राहत मिल पाती। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक और स्वास्थ्य मंत्री से क्षेत्र में जल्द एएनएम सेंटर खोलने की मांग की है। वहीं विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि सिलपाटा क्षेत्र में एएनएम सेंटर खोलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।