ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक का सफर तय करना सबसे कठिन हो गया है। यहां हर दिन जाम लगने से यात्रियों को घंटों रुकना पड़ रहा है।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को ट्रैफिक पीछे ही रोकना पड़ रहा है। छह से सात किमी हिस्से में दिक्कत है। बुधवार को भी यहां जाम लगा रहा।
बदरीनाथ हाईवे कर्णप्रयाग से बदरीनाथ तक करीब डेढ़ सौ किमी है। पूरे हाईवे पर वाहन सरपट दौड़ रहे हैं। बारिश होने पर भले ही कुछ जगह पर दिक्कत हो रही है लेकिन सामान्य दिनों में यातायात सामान्य तरीके से चल रहा है लेकिन ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक करीब छह से सात किमी का सफर तय करने में घंटों लग रहे हैं। चिलचिलाती गर्मी में यात्री खासे परेशान हो रहे हैं।
दरअसल हाईवे के इस हिस्से पर चौड़ीकरण कार्य नहीं हो पाया है। इसके चलते आमने-सामने दो बड़े वाहन आने से जाम लग रहा है। यात्रा मार्ग पर वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि चंद मिनटों में कई किमी लंबा जाम लग रहा है। ज्योतिर्मठ कोतवाली निरीक्षक देवेंद्र रावत का कहना है कि पिछले साल भी यात्रा के दौरान यहां जाम की स्थिति उत्पन्न हुई थी। कार्यदायी संस्था के सामने इस मामले को रखा गया था लेकिन कोई कार्य नहीं हो पाया। पुलिस को जाम खुलवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।