गोपेश्वर। नगर के पोस्टऑफिस कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी पेयजल किल्लत को दूर नहीं किया जा सका है जिससे उन्हें प्राकृतिक जलस्रोतों से अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
बीते दिनों हुई बारिश से पानी के साथ कूड़ा करगट भी बहकर आ गया था। यहां लाइन पर कूड़ा फंसने के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। स्थानीय विनोद सिंह रावत, राजेंद्र सिंह और मनवर सिंह का कहना है कि क्षेत्र में पुरानी लाइन से ही पानी की सप्लाई कराई जा रही है। जिससे बार-बार लाइन चोक हो रही है। इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार सैनी ने बताया कि पेयजल लाइन को ठीक कर दिया गया था। यदि फिर से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है तो उसे दिखवाया जाएगा। संवाद