कर्णप्रयाग। जनपद में युवा अब हेयर सैलून की बारीकियां भी सीखेंगे। मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर 13 दिवसीय नि:शुल्क सैलून प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण के जरिये पहाड़ के युवाओं को पहाड़ों में ही खुद का स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा। 13 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए जिले के 9 ब्लॉकों से कुल 30 लोगों का चयन किया जाएगा।
एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई) के माध्यम से युवाओं काे यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर जिले के सभी 9 विकासखंडों से चयनित 30 युवाओं को प्रशिक्षण देंगे। 13 दिवसीय प्रशिक्षण में 18 से 45 वर्ष के पात्र व्यक्ति भाग ले सकते हैं। ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक आनंद सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए सभी ब्लॉकों में सूचना भेजी गई है। आवेदन आने के बाद आरएसईटीआई कार्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण के बाद चयनित लोगों को खुद का स्वरोजगार करने के लिए मदद भी की जाएगी। संवाद