तीसरे दिन भी कार्यबहिष्कार पर डटे परिवहन विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। रुद्रप्रयाग के रैंतोली में वाहन दुर्घटना मामले में निलंबित चार कर्मियों की बहाली की मांग को लेकर परिवहन विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मियों का कार्यबहिष्कार तीसरे दिन भी जारी रहा। कर्मियों के कार्यबहिष्कार से कार्यालय में वाहनों की फिटनेस सहित लाइसेंस आदि बनाने का काम ठप हो गया है।
परिवहन मिनिस्टीरियल कर्मियों ने बृहस्पतिवार को कालेश्वर स्थित कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे और नारेबाजी की। कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर कर्मियों के कार्यबहिष्कार से लोगों के काम नहीं हो पा रहे हैं। जय मां उमा देवी टैक्सी यूनियन कर्णप्रयाग के अध्यक्ष रामकृष्ण भट्ट ने बताया कि कर्मियों की हड़ताल से चालक अपने वाहनों की फिटनेस, डीएल का नवीनीकरण आदि नहीं करा पा रहे हैं। चमोली के कालेश्वर स्थित परिवहन कार्यालय में औसतन प्रति सप्ताह 50 से 60 वाहनों की फिटनेस एवं इतने ही लाइसेंस बनते हैं। जबकि 20 से 30 लाइसेंस रिन्यू होते हैं लेकिन बीते तीन दिनों से यह काम ठप है। कार्यबहिष्कार करने वालों में अरुण सैनी, सूरज नेगी, विक्रम रावत, प्रवीन कंडारी, मनीष पुरोहित, रेखा नेगी और नीलम नेगी आदि मौजूद थे।