श्रीदेव सुमन विवि बालशाहीथौल की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता पीजी कॉलेज गोपेश्वर में शुरू हो गई है। पहले दिन हुई प्रतियोगिताओं में जसपाल राणा स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून का दबदबा रहा।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पहला मैच पुरोला महाविद्यालय के नीरज पंवार व जसपाल राणा कॉलेज के शौर्य पंत के बीच हुआ। शौर्य ने 2-0 से जीत दर्ज की। युगल मुकाबला पुरोला के अश्वनी व आदित्य और जसपाल राणा कॉलेज के आयुष डिमरी व मो. रिजवान के बीच खेला गया। जिसमें जसपाल राणा कॉलेज की टीम ने जीत दर्ज की। महिला वर्ग में पीजी कॉलेज गोपेश्वर विजेता और ऋषिकेश परिसर उपविजेता रहा। पुरुष टीम गेम में जसपाल राणा कॉलेज विजेता और पीजी कॉलेज कोटद्वार उपविजेता रहा। शनिवार को अन्य मैच खेले जाएंगे और पुरस्कार वितरण होगा।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन ओलंपिक खिलाड़ी परमजीत सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने किसी पसंद के खेल में निरंतर अभ्यास कर निपुणता हासिल करनी चाहिए।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष डंगवाल, प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. ललित मोहन तिवारी, संचालक डॉ. नाभेंद्र गुसाईं, निर्णायक मंडल में विक्रम कठैत, अवतार सिंह, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष हेम दरमोड़ा, वॉलीबाल संघ के प्रदेश सचिव हेम पुजारी, श्रीदेव सुमन विवि के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़, प्रो. चंद्रावती जोशी, डॉ. जगमोहन नेगी, डॉ. अखिल चमोली, डॉ. दर्शन नेगी, डॉ. गिरधर जोशी, डॉ. वंदना होहनी आदि मौजूद रहे।