कर्णप्रयाग। पहाड़ी से चट्टान टूटने से बृहस्पतिवार शाम सवा पांच बजे बंद हुआ कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग शुक्रवार दोपहर सवा बारह बजे 19 घंटे बाद यातायात के लिए सुचारु हो पाया। सड़क से चट्टान हटाने के लिए बीआरओ को ब्लास्ट करना पड़ा। मार्ग बंद होने से भारी मात्रा में वाहन यहीं फंसे रहे, जबकि राहगीरों को तीन किमी पहाड़ी से चलकर जाना पड़ा।
कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर सिमली से लेकर थराली तक बीआरओ सड़क सुधारीकरण कार्य कर रहा है। इस दौरान बृहस्पतिवार को सिमली और नौली के बीच पहाड़ी से चट्टान टूटकर सड़क पर आ गई। बंद हुए मार्ग को बीआरओ ने शुक्रवार को खोला। इस दौरान कर्णप्रयाग के नारायणबगड़, थराली, देवाल, ग्वालदम सहित कुमाऊं को जाने वाले राहगीरों को यहां करीब तीन किमी पैदल चलना पड़ा। यहां 60 से अधिक छोटे बड़े वाहन भी फंसे रहे। बीआरओ के कमान अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सड़क खोलने के लिए कर्मी और मजदूर लगातार काम करते रहे, जिसके बाद सड़क से चट्टान हटवाकर आवाजाही सुचारु कराई जा सकी।