नंदप्रयाग-घाट (19 किमी) सड़क के डेढ़ लेन निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। आंदोलनकारियों ने घाट से देहरादून तक पदयात्रा निकालने की योजना बनाई है।
डेढ़ लेन सड़क के लिए घाट बाजार में 116 दिनों से क्रमिक धरना और 80 दिनों से क्रमिक अनशन चल रहा है। दो दिनों से करण सिंह नेगी, आनंद सिंह नेगी, अवतार सिंह भंडारी और सुमेर सिंह नेगी क्रमिक अनशन पर बैठे हैं, जबकि गांव-गांव से ग्रामीण क्रमिक अनशन में जुट रहे हैं। मंगलवार को अनशन स्थल पर हुई सभा में आंदोलनकारियों ने घाट से देहरादून तक पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया। कहा कि जल्द ही इसकी तिथि निर्धारित की जाएगी और देहरादून में प्रवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह नेगी ने बताया कि आंदोलन को व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधि और आम जनता का समर्थन मिल रहा है। घाट सड़क के डेढ़ लेन निर्माण के लिए आंदोलन जारी रखा जाएगा।