देवाल। पदमल्ला ग्राम पंचायत के मोड़ा तोक का पैदल मार्ग एक सप्ताह से क्षतिग्रस्त है जिसकी वजह से ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर इस खतरनाक रास्ते से आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। बीते बुधवार शाम को ग्रामीण एक बीमार महिला को जैसे-तैसे अस्पताल लेकर आए।
मोड़ा गांव का यह मार्ग देवसारी झूलापुल से करीब तीन किलोमीटर दूर है और यह वन विभाग के अंतर्गत आता है। गांव की पूजा देवी का एक महीने पहले प्रसव हुआ था। बीते बुधवार को उनकी तबीयत खराब होने पर गांववालों ने उन्हें इसी खतरनाक रास्ते से हाथ पकड़कर सड़क तक पहुंचाया। पदमल्ला की ग्राम प्रधान जानकी देवी ने बताया कि यह रास्ता एक हफ्ते पहले क्षतिग्रस्त हो गया था लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं हुई है। वहीं वन विभाग के वन दरोगा विजयपाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मार्ग की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने जल्द रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की। संवाद
भूस्खलन से मकानों को खतरा
देवाल/आदिबदरी। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण कई मकानों पर भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। फल्दियागांव में निर्मला देवी पत्नी कुंदन राम के मकान के ठीक आगे भूस्खलन हुआ जिससे उनका घर खतरे की जद में आ गया है। प्रधान संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष मनोज कुमार ने प्रशासन से मकान का सर्वे कराकर परिवार को सुरक्षित जगह भेजने की मांग की। संवाद