नगर के सुभाष नगर, लॉ कॉलेज और हल्दापानी क्षेत्र में बनी हुई है समस्या
नई योजना बनने से अमृत गंगा पर निर्भरता होगी समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नगर क्षेत्र में जल संस्थान की ओर से नई पेयजल लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस लाइन से नगर के सुभाष नगर, लॉ कॉलेज और हल्दापानी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जाएगी। इस लाइन के निर्माण से नगर में काफी हद तक पेयजल की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
वैतरणी मार्ग पर सिरोखोमा गांव के समीप जलस्रोत से करीब चार किलोमीटर पेयजल लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना के पानी को डिग्री कॉलेज के समीप बने टैंक से जोड़ा जाएगा। यह टैंक ढाई लाख लीटर क्षमता का है। नगर पालिका सभासद दीपक बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत, सुरेंद्र रावत, केके सेमवाल और नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि अमृत गंगा पेयजल योजना पर पानी की सप्लाई बार-बार बाधित होने से उन्हें दिक्कतें झेलनी पड़ती थी। अब इस लाइन के बिछने से राहत मिल जाएगी। इधर जल संस्थान के ईई अरुण गुप्ता ने बताया कि चार किमी लंबी पेजयल योजना से 600 एलपीएम पानी की सप्लाई होगी। इस लाइन के निर्माण से अमृत गंगा पेयजल योजना पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।
तल्ला नागपुर के चोपता क्षेत्र में पेयजल संकट
रुद्रप्रयाग। ठंड आते ही पहाड़ों में पेयजल संकट गहराने लगा है। तल्ला नागपुर स्थित चोपता, कोंडा, जाखणी, बोरा, दुर्गाधर क्षेत्र में बीते एक महीने से पानी की समस्या बनी हुई है। नियमित पानी न आने से कई परिवार पेयजल संकट झेल रहे हैं। ऐसे में लोग जंगली जानवरों की दहशत के बीच स्रोतों व गदेरों से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी ने बताया कि उक्त पेयजल लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त है। ऐसे में क्षेत्र में एक माह से पेयजल समस्या बनी हुई है। उन्होंने जल संस्थान से इस समस्या के जल्द समाधान की बात कही। संवाद