कर्णप्रयाग। शुक्रवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे देवलीबगड़ में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने से करीब डेढ़ घंटे तक बंद रहा। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। एनएच कार्यदायी संस्था की ओर से चार ब्रेकर और जेसीबी की मदद से मलबा पत्थर हटाकर यातायात बहाल किया गया।
लगातार बारिश में चट्टानें ढीली होने की वजह से बदरीनाथ हाईवे पर जगह-जगह मलबा पत्थर गिर रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे देवलीबगड़ में पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर व मलबा आने से यातायात अवरूद्ध होग गया। गनीमत रही कि इस दौरान सड़क पर कोई वाहन नहीं चल रहा था। सड़क बंद होने से कर्णप्रयाग और चमोली की तरफ जाने वाले सैकड़ों छोटे बड़े वाहन फंस गए और हाईवे पर दोनों तरफ करीब एक किलोमीटर जाम लग गया। लोगों की सूचना पर एनएच की चार मशीनों की मदद से सड़क पर आए बोल्डरों को तोड़कर जेसीबी से पत्थर और मलबा हटाया गया। एनएचआईडीसीएल के सहायक अभियंता शशिकांत मणि ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि भूस्खलन वाली जगहों पर हमारी मशीनें हर समय तैनात हैं और हमारे मजदूर लगातार काम पर जुटे हैं।