फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamoli News: प्रशासन और प्रभावितों की बैठक रही बेनतीजा

Mon, 20 Apr 2026 07:09 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चमोली
विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

सुभाषनगर, बहुगुणानगर, अपर बाजार के भू-धंसाव प्रभावितों की जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक
विधायक ने सभी को एक मत होकर प्रस्ताव देने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। नगर के सुभाषनगर, बहुगुणानगर, अपर बाजार के भू-धंसाव प्रभावितों के पुनर्वास और मुआवजे को लेकर सोमवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में एक राय नहीं बन पाई। जिलाधिकारी गौरव कुमार और विधायक अनिल नौटियाल की उपस्थिति में हुई बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी प्रभावित परिवार एकमत होकर लिखित प्रस्ताव नहीं देते तब तक मुआवजे और विस्थापन की अग्रिम कार्यवाही शुरू करना संभव नहीं होगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद किया। इस दौरान किसी प्रभावित ने मुआवजा देने, किसी ने विस्थापन की मांग उठाई। इस पर डीएम ने कहा कि सभी प्रभावित परिवार आपसी सहमति से क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे और संभावित विस्थापन के संबंध में एक लिखित प्रस्ताव तैयार करें। इसी प्रस्ताव के आधार पर शासन को फाइल भेजी जाएगी जिससे नियमानुसार उपचार (ट्रीटमेंट) और पुनर्वास की कार्रवाई हो सकेगी। विधायक अनिल नौटियाल ने बताया कि उन्होंने कर्णप्रयाग भू-धंसाव के गंभीर मामले को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही सचिव आपदा प्रबंधन ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं। विधायक ने जोर दिया कि मुआवजे और ट्रीटमेंट कार्यों को शीघ्र शुरू करने के लिए प्रभावितों की आपसी सहमति अनिवार्य है। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में तकनीकी रूप से आवश्यक ट्रीटमेंट कार्य प्रस्तावित हैं लेकिन विभाग कार्य तभी शुरू कर पाएगा जब सभी परिवारों की ओर से सहमति बन जाएगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, एसडीएम सोहन सिंह रांगण, सभासद कमला रतूड़ी, सीमा देवी, हेमा डिमरी, रीना देवी, संपूर्णानंद डिमरी, सुभाष चमोला, पूर्व सभासद हरेंद्र बिष्ट, पुरुषोत्तम कोठियाल और सरला खंडूड़ी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


साकेत नगर में जलभराव का निरीक्षण किया
बैठक के बाद विधायक अनिल नौटियाल और जिलाधिकारी ने गौचर नगर पालिका के साकेत नगर और भट्ट नगर का निरीक्षण किया। यहां नालियों का पानी लोगों के घरों में घुसने और जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। विधायक ने बताया कि नगर पालिका की कार्ययोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है और जल्द ही वित्तीय स्वीकृति मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें