गोपेश्वर खेल मैदान में सांसद चैंपियनशिप शुरू
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। खेल मैदान गोपेश्वर में सांसद चैंपियनशिप खेल प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 आयु वर्ग की एथलेटिक्स और विभिन्न खेल स्पर्धाएं हुईं। इसमें विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की टीमों ने प्रतिभाग किया। कबड्डी में कर्णप्रयाग और वॉलीबाल में बदरीनाथ की टीम जीती।
बालिका अंडर-14 वर्ग की 60 मीटर दौड़ में बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की आरुषी प्रथम, कर्णप्रयाग की भावना द्वितीय और थराली की भूमिका तृतीय स्थान पर रही। 600 मीटर दौड़ में आरुषी, साक्षी और भूमिका, ऊंचीकूद में गरुड़ बागेश्वर की दीया, थराली की हर्षिता और कपकोट की खुशी, लंबी कूद में बदरीनाथ की अंजली, थराली की शीतल और बागेश्वर की हर्षिता, गोलाफेंक में कर्णप्रयाग की वैष्णवी, थराली की हर्षिता और बागेश्वर की अनिका ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो में बागेश्वर प्रथम, थराली द्वितीय और कपकोट तृतीय स्थान पर रहा। वॉलीबाल में बदरीनाथ की टीम प्रथम, बागेश्वर द्वितीय और थराली तृतीय रही। पिट्टू में बदरीनाथ प्रथम, बागेश्वर द्वितीय और कर्णप्रयाग तृतीय स्थान पर रहा। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, डीसीबी अध्यक्ष गजेंद्र रावत और पार्षद दीपक भट्ट ने किया।
इंसेट
दशोली ब्लॉक ने जीते छह स्वर्ण पदक
गोपेश्वर। खेल मैदान गोपेश्वर में हुई तीन दिवसीय जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतिम दिन दशोली ब्लॉक के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीते। ब्लॉक समन्वयक बैशाख सिंह ने बताया कि अंतिम दिन 200 मीटर दौड़ में प्रियंका प्रथम और 400 मीटर में सारिका तृतीय स्थान पर रही। बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में नैतिक और 100 मीटर में अरनव प्रथम रहे जबकि भानु ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में अनिरुद्ध द्वितीय रहे। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में रिहाना तृतीय, 100 मीटर में रिया प्रथम और 200 मीटर में आस्था तृतीय स्थान पर रही। रिले रेस में दशोली के बालक और बालिका दोनों वर्गों की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। संवाद