गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में युवा संसद का आयोजन किया गया। सत्र के दौरान विवाहित पुत्री की संपत्ति पर वृद्ध माता-पिता का भी अधिकार होने का विधेयक पारित किया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया।
कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संसद में युवा सांसदों का शपथ ग्रहण, राष्ट्रपति अभिभाषण, प्रश्नकाल, शून्यकाल, विशेषाधिकार हनन, काम रोको और अविश्वास प्रस्ताव रखे गए। इससे पहले स्नेहा को अध्यक्ष, सौमिल को प्रधानमंत्री और दिया को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सांसद कशिश ने डिजिटल प्लेटफार्म पर एआई से फोटो एडिटिंग से महिलाओं की गरिमा उल्लंघन पर ध्यान आकर्षण का प्रस्ताव रखा। बबीता ने गैर सरकारी विधेयक के माध्यम से महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया। वित्त मंत्री यशोदा ने बेटी को माता-पिता की सेवा की भागीदारी और सहयोग सुनिश्चित करने का विधेयक रखा जिसे चर्चा के बाद पारित कर दिया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिका गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप रावत ने युवाओं के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. एमपी नगवाल ने की। संचालन डॉ. डीएस नेगी और डॉ. मनीष कुमार ने किया। इस दौरान सभासद दीपक बिष्ट व प्राध्यापक मौजूद रहे।