कर्णप्रयाग। सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत सिमली में ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जताई। सेनू के प्रधान दर्शन सिंह ने शिकायत की ग्रामीणों की बिजली नहीं आने की शिकायत पर बिजली कर्मी समस्या निस्तारित करने के बजाए खंभे पर लट्ठ मारने की सलाह देते हैं।
सिमली में चमोली जिले के प्रभारी सचिव व सैनिक कल्याण व आयुष एवं आयुष शिक्षा दीपेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 45 शिकायतें ग्रामीणों ने दर्ज कराईं जिसमें से 34 शिकायतों का निस्तारण हो पाया। डिम्मर की प्रधान विनीता देवी की दूषित पेयजल की शिकायत पर कमेटी गठित कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए। बबलू भंडारी और मनोज कुमार ने स्वर्का बैंड-थापलीडांग सड़क के निर्माण की मांग की। वहीं गबनी के प्रधान धीरेंद्र भंडारी ने जेजेएम की योजना पर चेंबर निर्माण की शिकायत रखी। अधिकारियों ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को लंबित पेंशन प्रकरणों की जांच कर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, नपा अध्यक्ष गणेश शाह, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश दूबे आदि माैजूद रहे।