कर्णप्रयाग। विकासखंड के कंडारा ग्राम पंचायत के 81 बुजुर्गों को महिला ग्राम प्रधान ने अपने निजी संसाधनों से बदरीनाथ धाम के दर्शन कराए। कई बुजुर्ग पहली बार बदरीनाथ धाम पहुंचे। भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर बुजुर्ग अभिभूत हुए।
ब्लॉक के कंडारा की ग्राम प्रधान ममता पंवार ने बताया कि गांव के कई बुजुर्गों ने बदरीनाथ के दर्शन नहीं किए थे। चुनाव संपन्न होने के बाद सभी बुजुर्गों को बदरीनाथ के दर्शन कराए गए। 10 चालक सहित गांव के चार लोगों को बुजुर्गों की देखरेख में लगाया गया था। रविवार को सभी बुजुर्गों ने बदरीनाथ के दर्शन के साथ-साथ माणा, हनुमान चट्टी और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर के दर्शन भी किए। बचन सिंह, गोविंद लाल ने ग्राम प्रधान की पहल की सराहना की। संवाद