ज्योतिर्मठ। तपोवन विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना में एनटीपीसी की ओर से हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। पखवाड़े के दौरान परियोजना में हिंदी विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक (हाइड्रो) अजय कुमार शुक्ल ने किया। उन्होंने एनटीपीसी के प्रबंध निदेशक का संदेश अधिकारियों और कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया। कार्यकारी निदेशक ने हिंदी के संवैधानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल देश की राजभाषा ही नहीं बल्कि विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों को जोड़ने वाली भाषा भी है। राष्ट्र की उन्नति के लिए अपनी भाषा का विकास और उसका अधिक से अधिक प्रयोग जरूरी है। इस मौके पर महाप्रबंधक सिविल परेश, विभागाध्यक्ष मानव संसाधन सुगाता दासगुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
156 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच
पीपलकोटी। टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में कार्मिकों और परियोजना प्रभावित परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हड्डियों से संबंधित रोगों की जांच की गई। इस दौरान 156 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मरीजों को जांच के बाद आहार संबंधी सलाह और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। महाप्रबंधक (बांध) आरपी मिश्रा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को हड्डियों से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच कर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। संवाद