गोपेश्वर कलेक्ट्रेट परिसर में मलाना गांव के लापता बच्चे का सुराग न मिलने पर प्रदर्शन करती जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय महिलाएं।
- फोटो : Amar Ujala
दशोली ब्लॉक के घिंघराण मलाना से लापता हुए बच्चे का कोई सुराग न मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस की सुस्त कार्य प्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप जल्द कार्रवाई की मांग की।
बीते 17 जुलाई को लापता हुए बच्चे का 11 दिनों बाद कोई पता न लगने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मलाना गांव निवासी दर्शन सिंह का 12 वर्षीय पुत्र अतुल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था।
जिसके बाद दर्शन सिंह ने मामले में चमोली थाना पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही। लेकिन अब 11 दिनों के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर शीघ्र मामले में कार्रवाई नहीं की जाती तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य भागीरथी कुंजवाल, हेरेंद्र राणा, ऊषा रावत, मंजू देवी, सतेश्वरी देवी, सीमा, सीता देवी, नीमा देवी आदि मौजूद थे।