पोखरी (चमोली)। रुद्रप्रयाग के ग्राम थप्पल से लापता एक बुजुर्ग का शव रौता गांव के जंगल में सड़ी गली हालत में मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया।
पोखरी थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने बताया कि बृहस्पतिवार को दुर्गाधार चौकी रुद्रप्रयाग से सूचना मिली की पोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रौता गांव में एक शव पड़ा है। यह शव अमर सिंह पुत्र आनंद सिंह निवासी ग्राम थप्पल थाना व जिला रुद्रप्रयाग का है जो करीब एक माह से लापता चल रहे थे। परिजनों ने रुद्रप्रयाग कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पोखरी थानाध्यक्ष ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात होने के कारण शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया गया है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अमर सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर बिना बताए घर से चले जाते थे। एक माह पहले भी वे बिना बताए चले गए थे। संवाद