शनिवार रात को बारिश के कारण थराली-ग्वालदम सड़क पर देवराड़ा बैंड के पास भारी मात्रा में मलबा पत्थर आने से 13 घंटे तक यातायात ठप रहा। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए। रविवार सुबह जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया।
पिंडर घाटी में लगातार बारिश से आम जनजीवन अस्त व्यस्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से अधिक सड़कें बंद हैं। शनिवार रात को करीब आठ बजे थराली-ग्वालदम रोड पर देवराड़ा गांव के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा पत्थर और पेड़ टूटकर आ गए। रमेश, दिनेश, राकेश, सुरेश, राजेंद्र ने बताया कि सुबह छह बजे से सैकड़ों वाहन सड़क बंद होने से घटों तक फंसे रहे। इससे ग्वालदम सहित अन्य छोटे-बड़े कस्बों में जरूरी सामान की सप्लाई नहीं हो सकी। वाहन चालकों की सूचना पर प्रशासन ने बीआरओ के अधिकारियों को अवगत कराया। रविवार सुबह नौ बजे जेसीबी और बीआरओ के मजदूरों की मदद से सड़क पर आए मलबे को हटाकर यातायात बहाल किया गया। ब्यूरो