डायट दे रहा चमोली जिले के उप्रावि के 46 शिक्षकों को प्रशिक्षण
कंप्यूटर शिक्षा की बारीकियां सहित ऑनलाइन गेम तैयार करना सीख रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। चमोली जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चे अब खेल-खेल में आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर जिले के 46 शिक्षकों को प्रशिक्षित कर रहा है। उन्हें जहां कंप्यूटर की बारीकियां सिखाई जा रही हैं वहीं कोडिंग भी सिखाई जा रही है। इस दौरान शिक्षक ऑनलाइन गेम भी तैयार करेंगे जिसकी मदद से स्कूलों में पठन-पाठन कार्य आसानी से हो सकेगा।
प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में संस्थान के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि शिक्षकों काे कंप्यूटर और तकनीकी में दक्ष बनाया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक बच्चन जितेला ने बताया कि इस प्रशिक्षण में अध्यापकों को ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही ऑनलाइन गेम बनाना भी सिखाया जाएगा जिससे शिक्षक पठन-पाठन में इसका उपयोग करके पढ़ाई को और अधिक रोचक और आकर्षक बनाएंगे। इससे बच्चे रुचिपूर्ण ढंग से और खेल-खेल में पढ़ाई आसानी से कर सकेंगे। कार्यक्रम के संदर्भदाता दिनेश बधानी ने बताया कि शिक्षकों को कंप्यूटर का सामान्य परिचय, एमएस वर्ड, एक्सेल, पावर प्वाइंट, इंटरनेट नेटवर्किंग, ईमेल, लॉजिकल थिंकिंग विषय के बारे में भी बताया जाएगा। संदर्भदाता आलोक रंजन नेगी ने बताया कि शिक्षकों को कोडिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भी दक्ष बनाया जाएगा। इस अवसर पर सुमन भट्ट, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, वीरेंद्र सिंह कठैत, नीतू सूद, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुबोध डिमरी, मृणाल जोशी, मनोज धपवाल और देवेंद्र बिष्ट उपस्थित थे।