प्रधानाचार्य सीधी भर्ती परीक्षा नियमावली निरस्त करने की मांग पर अड़े
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी, 25 को ब्लॉक मुख्यालयों पर देंगे धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। प्रधानाचार्य सीधी भर्ती परीक्षा नियमावली 2022 को निरस्त करने, शत-प्रतिशत पदोन्नति व स्थानांतरण की मांग को लेकर सोमवार से जिले के राजकीय शिक्षकों ने चॉकडाउन हड़ताल शुरू कर दी है। शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में कार्यबहिष्कार कर आंदोलन शुरू कर दिया।
प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर सोमवार को सभी शिक्षक विद्यालय तो पहुंचे लेकिन पठन-पाठन कार्य नहीं किया। उन्होंने मांगों को लेकर चॉक डाउन हड़ताल शुरू कर दी। राजकीय शिक्षक संघ के जनपद मंत्री प्रकाश सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षकों में प्रधानाचार्य सीधी भर्ती प्रक्रिया को लेकर आक्रोश है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया निरस्त होने, शत-प्रतिशत पदोन्नति और शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। कहा कि 24 अगस्त तक विद्यालयों में चॉकडाउन व कार्यबहिष्कार के बाद 25 अगस्त को विकासखंड मुख्यालयों पर धरना व शिक्षा अधिकारियों का घेराव, 27 को जिला मुख्यालयों पर धरना व घेराव, 29 को मंडल मुख्यालयों पर और एक सितंबर से शिक्षा निदेशालय देहरादून में जिलावार धरना दिया जाएगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, मंत्री प्रकाश सिंह चौहान, संयुक्त मंत्री मोहन सिंह नेगी, बृजमोहन सिंह रावत, बीएस नेगी, हरेंद्र सिंह रावत और अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।