कालेश्वर में उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन का जिला अधिवेशन शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। कालेश्वर में उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन का दो दिवसीय जिला अधिवेशन सोमवार से शुरू हुआ। अधिवेशन के पहले दिन पहले सत्र में शैक्षिक उन्नयन्न गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि संस्कारिक समाज के निर्माण में शिक्षक की अहम भूमिका होती है। सरकार शिक्षकों के हितों में कई काम कर रही है।
थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने नई शिक्षा नीति को प्रभावी तरीके से लागू करने की बात कही। बीईओ विनोद सिंह मटूड़ा ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों में चमोली जनपद सभी 13 जिलों में अग्रणी है। डायट के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने नए शिक्षण सत्र में शत प्रतिशत नामांकन करने की बात कही। वहीं शिक्षकों ने भी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल, बच्चों को खेल खेल में शिक्षा, नए शिक्षण सत्र की तैयारियां एवं नई शिक्षा नीति पर विचार रखे। अधिवेशन में प्रांतीय तदर्थ समिति गोविंद बोहरा, प्रीतम सिंह, धननाथ और किशोर जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका बीना भंडारी, दिगंबर नेगी, यदुवीर बिष्ट, मुकेश नेगी, जगदीप रावत, गीता नेगी आदि मौजूद थे।
इंसेट
21 पदों के लिए 31 नामांकन
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के जिला अधिवेशन के द्वितीय सत्र में जिला कार्यकारिणी के लिए अध्यक्ष, मंत्री सहित अन्य 21 पदों के लिए 31 लोगों ने नामांकन किया। जिलाध्यक्ष पद के लिए जहां दिगंबर नेगी और ताजबर राणा आमने-सामने हैं। वहीं जिला मंत्री पद पर भी मुकेश नेगी और विक्रम झिंक्वाण तथा कोषाध्यक्ष पद पर प्रेम सिंह और यमुना प्रसाद गौड़ ने नामांकन किया। मंगलवार को 168 डेलीगेट्स मतदान में प्रतिभाग करेंगे।