नारायणबगड़। सोमवार देर शाम नारायणबगड़ से सवारी लेकर भटियाणा जा रही एक टैक्सी सैंंज गांव के पास अनियंत्रित होकर नीचे खेत में जा गिरी। दुर्घटना में दो वन कर्मी समेत 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर
दिया गया है।
दुर्घटना का कारण टैक्सी का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। दुर्घटना में घायल हुए वाहन चालक भूपेंद्र सिंह (30) ने बताया कि सोमवार दोपहर को टैक्सी नारायणबगड़ से सवारी लेकर भटियाणा के लिए रवाना हुई। सैंंज गांव से आगे तीव्र मोड़ पर अचानक गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए और अनियंत्रित होकर 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरी।
दुर्घटना में जाखपाटियूं गांव की सीमा देवी (35) पत्नी दिनेश नेगी, केदारकोट के बीरेंद्र सिंह (66) पुत्र, गबर सिंह, वनकर्मी शिवराज सिंह नेगी (56) निवासी भुलक्वाणी, वनकर्मी गोविंद सिंह (35) किमोली घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ रवाना किया।
इसके बाद आधे रास्ते से घायलों को 108 वाहन से अस्पताल लाया गया। अस्पताल के डाॅ. नवीन डिमरी ने बताया कि घायलों में बीरेंद्र सिंह तथा वनकर्मी गोविन्द सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में पंकज नेगी, रवींद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, दिगंबर सिंह, हिम्मत सिंह, हिमांशु आदि ने सहयोग किया। संवाद