अमर उजाला पड़ताल
फोटो
कुट्टू का आटा खाने से देहरादून और हरिद्वार में लोगों के बीमार होने पर पुलिस हुई सतर्क, दुकानों की चेकिंग की
कुट्टू आटे के 16 बैग सेंपल के लिए किए जब्त
चमोली पुलिस ने बाजारों में चलाया अभियान, दुकानदारों को दी सख्त हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/कर्णप्रयाग/रुद्रप्रयाग। कुट्टू का आटा खाने से देहरादून और हरिद्वार में लोगों के बीमार होने पर चमोली पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस ने सोमवार को चमोली जिले के थाना क्षेत्रों की दुकानों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक दुकान से कुट्टू के आटे के 16 पैकेट सैंपल लिए। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि आटे की प्रमाणिकता की पुष्टि होने के बाद ही कुट्टू का आटा बेचा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश के बाद पुलिस ने विभिन्न बाजारों में परचून की दुकानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। चमोली कस्बे से एक जनरल स्टोर से पुलिस ने 250 ग्राम के 16 पैकेट लिए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि बिना प्रमाणिकता पुष्टि के किसी को भी कुट्टू का आटा न बेचा जाए। साथ ही लोगों से भी अपील की है कि कुट्टू का वही आटा खरीदें जो प्रमाणित हो।
कर्णप्रयाग। पुलिस और प्रशासन की टीम ने कर्णप्रयाग, गौचर, लंगासू, सिमली आदि स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। नायब तहसीलदार विजयपाल सिंह गुसाईं के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुनादी की और लोगों को कुट्टू का आटा परीक्षण करने के बाद ही खरीदने और उपयोग करने की मांग की।
रुद्रप्रयाग में कोतवाल मनोज नेगी के नेतृत्व में पुलिस ने किराना स्टोरों पर जाकर कुट्टू के आटे की जानकारी मांगी। उधर, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, ऊखीमठ में भी पुलिस ने बाजार का निरीक्षण किया और अच्छी क्वालिटी के कुट्टू के आटे को बेचने के लिए कहा। कोतवाल मनोज नेगी ने बताया कि नगर क्षेत्र में किसी भी दुकान पर कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं होने की बात सामने आई है। दूसरी तरफ खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी मनोज कुमार सेमवाल ने बताया कि चैत्र नवरात्र में कुट्टू के आटा व अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।