मोहनखाल में फटी तल्ला नागपुर पेयजल योजना की पाइप लाइन, दुकानों में घुसा पानी
-बार-बार पाइप फटने से स्थानीय लोगों में रोष, मोहनखाल और ब्राह्मणथाला को योजना से जोड़ने की मांग उठाई
गोपेश्वर। तृतीय केदार तुंगनाथ की तलहटी से रुद्रप्रयाग जनपद के गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली तल्ला नागपुर पेयजल योजना मोहनखाल क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। योजना की पुरानी और जर्जर पाइप लाइन बार-बार फटने से स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे पहने बीते 13 जून को भी लाइन फटने से ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ा था।
रविवार सुबह करीब आठ बजे मोहनखाल बाजार में योजना की मुख्य पाइप लाइन फट गई। पाइप फटने से तेज धारा में पानी बहने लगा और आसपास की दुकानों में घुस गया। इससे रणवीर सिंह और दिनेश की दुकानों में रखा सामान खराब हो गया। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।
ब्राह्मणथाला गांव के ग्राम प्रधान दीपक थपलियाल ने बताया कि पेयजल योजना की पाइप लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण हर माह किसी न किसी स्थान पर फट जाती है। इसके कारण पानी दुकानों और रास्तों में बहता रहता है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभाग से जल्द पाइप लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। बताया कि आखिरी बार यह पाइप लाइन इसी महीने बीती 13 तारीख को फट गई थी। ऐसे में हर बार पाइप फटने पर ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़सा है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने यह भी मांग उठाई है कि जिस योजना का पानी उनके क्षेत्र से होकर गुजर रहा है, उसका लाभ मोहनखाल और ब्राह्मणथाला गांव के लोगों को भी दिया जाए।
जल निगम के अधीक्षण अभियंता वसीम अहमद का कहना है कि तल्ला नागपुर योजना से चमोली जनपद के गांवों को लाभान्वित नहीं किया जा सकता है। ग्रामीणों का प्रस्ताव मिलता है तो यहां के लिए नई योजना स्वीकृत की जाएगी। तल्ला नागपुर पेयजल योजना का जल्द सुधारीकरण कार्य किया जाएगा।