ठेका बंद करने की मांग को लेकर महिलाओं ने तहसील कार्यालय और ठेके पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मांग को लेकर प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि प्रशासन की ओर से मांग पर की जा रही अनदेखी को देखते हुए शनिवार (आज) को नंदप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा।
शुक्रवार को क्षेत्र के गांवों की महिलाएं 11 बजे जुलूस की शक्ल में तहसील मुख्यालय पहुंचीं और कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी। इसके बाद महिलाओं ने शराब की दुकान पर पहुंचकर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
आंदोलन की संयोजक कलावती मैंदोली ने कहा कि महिलाएं ग्यारह दिनों से शराब की दुकान बंद करने की मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन की असंवेदनशीलता का आलम यह है कि अभी तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
अब नंदप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे जाम किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी। इस मौके पर सावित्री देवी, रुचि देवी, माहेश्वरी देवी, भादुली देवी, निर्मला देवी, साखा देवी, पुष्पा देवी, राधा देवी, कमला देवी, मुन्नी देवी, विमला देवी, शिवलाल स्नेही, भगवती प्रसाद और यशपाल नेगी आदि मौजूद थे।