गोवंश के कारण लग रहा जाम भी, राहगीर भी परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नगर में सड़कों पर लावारिस घूम रहे गोवंंश के कारण भी जाम लग रहा है। वहीं राहगीरों को भी दिक्कतें हो रही हैं। नगर पालिका की ओर से बीते दिनों अभियान चलाकर लावारिस मवेशियों को अलकापुरी स्थित गोसदन में रखा गया लेकिन अभी तक लावारिस मवेशियों की तादात कम नहीं हो पाई है। कई पशुपालकों की ओर से अपने टैग लगे मवेशियों को नगर क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है। चारधाम यात्रा में ये मवेशी सुचारु यातायात में व्यवधान पैदा करते हैं।
महेंद्र सिंह, मनमोहन और योगंबर का कहना है कि नगर में घूम रहे अधिकांश गोवंश के कान में टैग लगे हैं जिससे स्पष्ट है कि गांवों से ये मवेशी नगर में छोड़े जा रहे हैं। ऐसे में नगर पालिका और पशुपालन विभाग को निरीक्षण कर उनके मालिकों की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए। इधर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मानवेंद्र सिंह का कहना है कि लावारिस गोवंश के कान में टैग लगे हैं। टैग की जांच की गई तो इनके मालिकों की पहचान भी नहीं हो पा रही है। जल्द गोवंश को गोसदन में भिजवाया जाएगा।