गौचर मेला
कर्णप्रयाग। गौचर मेले में मोटा अनाज से तैयार स्वादिष्ट मिठाइयां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। कृषि विभाग की ओर से गौचर मेले में लगाए गए स्टॉल पर मिलेट्स से कई मिठाइयां तैयार की गई हैं।
मेले में लगाए गए स्टॉल पर कोदा (मंडुआ), झंगोरा, कौणी और रामदाणा जैसे पारंपरिक अनाजों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्टॉल पर विशेषज्ञ शेफ की ओर से इन अनाजों से तैयार मिठाइयां प्रदर्शित की गई हैं। यहां मंडुवे की बाल मिठाई, चीणा एवं बादाम का हलवा, चौलाई का केक, झंगोरा का पेड़ा आदि तैयार किया गया है। मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी ने बताया कि विभाग का उद्देश्य किसानों की आय को दुगना करना और उनके उत्पादों को एक बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। यह नया प्रयोग उत्तराखंड की पारंपरिक खेती को नया जीवन दे रहा है। संवाद