सुयालकोट घाटी के 11 से अधिक गांवों को जल्द बिजली का तोहफा मिलेगा। घाटी के सात गांवों तक ऊर्जा निगम ने बिजली लाइन बिछा दी है जबकि अन्य गांवों में जल्द बिजली लाइन बिछा दी जाएगी। जहां लाइनें बिछा दी गई हैं वहां निगम ने ग्रामीणों के बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक इन गांवों की पांच हजार से अधिक आबादी लालटेन के सहारे रह रही थी।
सुयालकोट घाटी के 11 से अधिक गांवों की आबादी बिजली सुविधा के लिए लगातार आंदोलनरत थी। पिंडारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष दर्शन दानू ने कहा कि अब गांवों को बिजली मुहैया होने से लोगों को लाभ मिलेगा। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता डीएस चौधरी ने बताया कि हरमल, चोटिंग, सौरीगाड़, उपथर, मानमती, झलिया, चनियाली गांव तक बिजली लाइन निर्माण के साथ ही ग्रिड से जोड़ने का काम पूरा हो चुका है।
यहां ग्रामीण बिजली का कनेक्शन ले सकते हैं। रामपुर, तोरती, कुंवरगढ के लिए बिजली लाइनें बिछाने का निर्माण चल रहा है। अभी निगम लाइनों के निर्माण में 4 लाख की राशि खर्च कर चुका है, जबकि घेस गांव को बिजली से जोड़ने के लिए दीन दयाल ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत टेंडर आमंत्रित कर दिए गए हैं।