संदिग्ध मौत में हत्या की आशंका, कार्रवाई की मांग
छह माह पहले हुई थी रामलाल की मौत, परिजन व ग्रामीणों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
गोपेश्वर। छह माह पहले हुई संदिग्ध मौत में कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार के लोग परेशान हैं। परिजनों व ग्रामीणों ने एसपी चमोली को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी के नेतृत्व में परिजन व ग्रामीण एसपी से मिले। उन्होंने एसपी को बताया कि नारायणबगड़ ब्लॉक के थराली थाने के अंतर्गत कोठी गांव में सात फरवरी को राम लाल की गंभीर रूप से चोट लगने से मौत हो गई थी। जहां पर रामलाल पड़े हुआ मिला, वहां चोट लगने की कोई आशंका नहीं है। आस-पास के पत्थरों पर खून लगा था। इससे लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है। उसी दौरान कुछ संदिग्धों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई लेकिन थराली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच कराकर हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों पर एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कराया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में इंद्रेश मैखुरी, मृतक के पुत्र बादल कुमार, श्याम लाल, राकेश कुमार आदि शामिल रहे।