बजट के अभाव में अधूरी बनी तीन किलोमीटर सुराईथोटा-तोलमा सड़क अब सीमा क्षेत्र विकास योजना (बीएडीपी) से मिलने वाले बजट से पूरी होगी। इसके लिए लोनिवि ने एक करोड़ की योजना बनाई है। वर्ष 2004 में तीन किमी लंबी सुराईथोटा-तोलमा सड़क को स्वीकृति मिली थी। इसके लिए शासन से 40 लाख की स्वीकृति भी मिली थी। वर्ष 2009 में सड़क कटिंग कार्य शुरू हुआ, लेकिन बजट कम होने के कारण सड़क का निर्माण मात्र डेढ़ किमी तक ही हो पाया। प्रेम बुटोला, मोहन सिंह बुटोला, सोहन राणा, रघुवीर बिष्ट और विशन सिंह पंवार का कहना है कि सड़क न होने से उन्हें मीलों दूरी पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। लोनिवि के ईई धन सिंह रावत का कहना है कि अब सड़क का निर्माण बीएडीपी से होगा। इसके लिए एक करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।