पोखरी। नगर पंचायत क्षेत्र पोखरी में तीन दिन से बनी पेयजल किल्लत दूर हो गई है। जल संस्थान ने टॉर्च की रोशनी में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को जोड़कर पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
पोखरी पुनर्गठन पेयजल योजना की लाइन तीन दिन पूर्व भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी जिससे करीब सात हजार की आबादी पेयजल किल्लत से जूझ रही थी। जल संस्थान की ओर से जंगल में जनरेटर पहुंचाकर वेल्डिंग से पाइपों को जोड़ा। इसके बाद सोमवार को पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी गई। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा ने बताया कि कर्मचारियों ने जंगल के चट्टानी भाग में रात को भी टाॅर्च की रोशनी में मरम्मत का काम जारी रखा। अब सभी जगह पानी की सप्लाई कर दी गई है। संवाद