ज्योतिर्मठ। चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाले मलारी हाईवे के तमक गदेरे में वैकल्पिक मार्ग तैयार कर लिया गया है। इसके बाद सीमांत क्षेत्र के गांवों के साथ सेना और आईटीबीपी की भी आवाजाही सुचारु हो गई है।
बीते 31 अगस्त की सुबह तमक गदेरे में हाईवे पर बना पुल बह गया था। इसके बाद बीआरओ की कार्यदायी संस्था ने यहां पर ह्यूम पाइप डालकर वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम शुरू किया। सोमवार दोपहर तक मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया गया। इससे पूर्व ज्योतिर्मठ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र रावत, पुलिस व एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को गदेरे से सुरक्षित आवाजाही करवाई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र रावत ने बताया कि हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है। संवाद