50 नाली भूमि चयनित, वर्ष 2023 में सीएम ने की थी अस्पताल निर्माण की घोषणा
थराली के पास भूमि नहीं मिलने के कारण लटका था मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
थराली। पिंडर घाटी की एक लाख से अधिक की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वीकृत उपजिला अस्पताल जल्द ही अस्तित्व में आ जाएगा। इसके लिए तहसील के कुलसारी के आदरा गांव में 50 नाली भूमि का चयन होने के बाद जिला प्रशासन ने इसे स्वास्थ्य विभाग के नाम दाखिल करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह अस्पताल सिमली-अल्मोड़ा हाइवे से 500 मीटर की दूरी पर आदरा में बनेगा।
बीते 6 जून 2023 को चेपड़ों में आयोजित शहीद भवानी दत्त शौर्य महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली में उपजिला अस्पताल के निर्माण की घोषणा की थी लेकिन थराली के आस-पास भूमि नहीं मिलने के कारण इसमें देरी हो रही थी। अब जाकर तहसील मुख्यालय से 7 किमी की दूरी पर आदरा में भूमि मिल गई है। कुलसारी के राजस्व उपनिरीक्षक रोबिट सिद्दकी का कहना है कि उपजिला अस्पताल के लिए पटवारी क्षेत्र कुलसारी के अंतर्गत आदरा गांव के तिगड़ी तोक में 50 नाली भूमि का प्रस्ताव एक साल पहले ही शासन को भेजा गया था। शासन से स्वीकृति के बाद अब जिलाधिकारी के आदेश के बाद इस भूमि को स्वास्थ्य विभाग के नाम करने की प्रक्रिया जारी है। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का कहना है कि अस्पताल बनने से पिंडर घाटी के थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीण महिपाल भंडारी, मनीष सती, गंगा सिंह, सुभाष पुरोहित, केदार दत्त, दयाल बिष्ट, लक्ष्मण सती, गिरीश चमोला आदि ने कहा कि अब लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।